बरेली : उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्तियों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि बरेली जिला इकाई को नई ऊर्जा देने के लिए नादिर बेग को जिला अध्यक्ष, ताबिश को जिला कार्यकारी अध्यक्ष तथा अयान खान और अवनीश चौबे को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
किसान-नौजवान बचाओ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारी
पारस शुक्ला ने बताया कि युवा कांग्रेस पहले चरण में सहारनपुर से नोएडा तक ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ निकाल चुकी है। अब यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत शाहजहांपुर से होगी,जो पीलीभीत, बरेली, संभल, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर से होकर गुजरेगी।उन्होंने कहा कि इस यात्रा में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई बड़े नेता भी शामिल होंगे और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पेपर लीक, नीट और बेरोजगारी को बनाया मुख्य मुद्दा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा आज पेपर लीक, नीट परीक्षा विवाद और बढ़ती बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के निर्देश पर प्रदेश के 28 जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही हैं और आने वाले समय में युवाओं के हितों के लिए बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने की तैयारी में है।
राहुल गांधी के नेतृत्व में बदलाव की बात
पारस शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की आवाज को लगातार उठा रहे हैं और जो वादे करते हैं। उन्हें पूरा करने का प्रयास भी करते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में युवाओं की भागीदारी से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का पूरा संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार युवाओं, किसानों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा और आंदोलन को मजबूत करेगा।
