डीएम अविनाश सिंह ने बांटे थर्मल प्रिंटर और प्रशस्ति पत्र, सर्वर समस्या के समाधान का दिया आश्वासन, ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य पर दिया जोर
बरेली: जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नव चयनित 50 विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। वहीं, विद्युत सखी योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में रेनू देवी, सीमा, पिंकी यादव, संजू साहू और सुमन को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान विद्युत सखियों ने अपने अनुभव भी साझा किए और योजना से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विद्युत सखियों से उनके कार्य, आय और मिलने वाले कमीशन के बारे में जानकारी ली।
समस्या समाधान का भरोसा
इस पर विद्युत सखियों ने सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। डीएम ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ और ‘करोड़पति दीदी’ बनाना है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकें। सीडीओ (मुख्य विकास अधिकारी) देवयानी ने सभी विद्युत सखियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ आजीविका के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रोजगार मांगने वाली नहीं, देने वाली बनेंगी
सीडीओ ने कहा कि निरंतर मेहनत से महिलाएं भविष्य में रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनेंगी। उन्होंने स्वरोजगार के विभिन्न अवसर अपनाने और आवश्यकता पड़ने पर ऋण सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता विद्युत, उपायुक्त स्वतः रोजगार, डीएमएम, बीएमएम सहित बड़ी संख्या में विद्युत सखियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत सखियों को तकनीकी संसाधनों से सशक्त बनाना और उनके उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करना रहा।
