बरेली : यूपी के बरेली देहात की देवरनियां थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली जा रही रैली उस समय विवाद में बदल गई, जब डीजे को लेकर दो गांवों के ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।जानकारी के अनुसार, रिछा रेलवे स्टेशन के सामने स्थित इस्लामनगर गौंटिया के जे एंड आर स्कूल की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रैली निकाली जा रही थी। रैली में डीजे के साथ पास के गांव गिरघरपुर के युवक भी शामिल थे। बताया गया कि डीजे शाहपुर डांडी निवासी शाहिद का था।
डीजे संचालक से शुरू हुआ विवाद
रैली जब रिछा स्टेशन के सामने गिरघरपुर रोड के मोड़ पर पहुंची। इसी दौरान डीजे संचालक और गिरघरपुर के कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद की जानकारी मिलते ही डीजे संचालक के गांव से भी कई लोग मौके पर पहुंच गए।इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी।
पुलिस पहुंची तो बढ़ा तनाव
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का दावा है कि सिविल ड्रेस में पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता और हमला किया गया।हालांकि, पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमले की बात से इनकार किया है। विवाद बढ़ने की सूचना पर देवरनियां थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और स्थिति को सामान्य कराया। इस दौरान विवाद में शामिल कई लोग मौके से फरार हो गए।
दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। देर रात तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि गिरघरपुर और शाहपुर डांडी के चार लोगों के बीच आपस में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने पुलिस संबंधी किसी समस्या से इनकार किया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
समझौते के प्रयास की भी चर्चा
इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास किए जाने की भी चर्चा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
