बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को रोक लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। महिला अपने बेटे से जुड़े मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज थी और न्याय की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची थी।
डीजल की बोतल लेकर पहुंची महिला, पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा
जानकारी के अनुसार, महिला दोपहर करीब एक बजे डीजल से भरी बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। वहां उसने खुद पर डीजल छिड़क लिया और आग लगाने की कोशिश की। जैसे ही पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए महिला को रोक लिया। महिला के हाथ में कुछ दस्तावेज भी थे। जिन्हें वह लगातार अधिकारियों को दिखाकर अपनी शिकायत बता रही थी।पुलिस की सतर्कता के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
बेटे के विवाद के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा
बताया जा रहा है कि होली के दौरान महिला के बेटे का कुछ लोगों से डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में बहेड़ी थाने में चार लोगों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी वजह से वह कई बार थाने और पुलिस अधिकारियों के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंची, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
पुलिस ने महिला को अस्पताल भेजा, मामले की जांच जारी
आत्मदाह की कोशिश के बाद महिला थाना पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस ने महिला से पूरे मामले की जानकारी ली और प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी फर्स्ट आशुतोष शिवम ने क्या कहा?
सीओ फर्स्ट ने बताया कि 6 मार्च 2026 को मीरा पत्नी गणपत की तहरीर पर बहेड़ी थाने में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मामले में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद विवेचना सीओ बहेड़ी ने की। जांच पूरी होने के बाद 20 मई 2026 को तीन आरोपियों और एक बाल अपचारी के खिलाफ चार्जशीट अदालत में भेजी गई। 18 जून 2026 को अदालत ने चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया और अब मामले की अगली सुनवाई 31 जुलाई 2026 को तय है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को महिला की मुख्य मांग आरोपियों की गिरफ्तारी थी। जैसे ही उसने एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया। फिलहाल महिला को समझाया जा रहा है, मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
