एसआईटी जांच में बड़ा खुलासा, फर्जी दस्तावेजों से सरकारी जमीन पर कब्जे का दावा कर लिया मुआवजा और वर्षों तक वसूला किराया
मुरादाबाद: मुरादाबाद में सरकारी जमीन पर कब्जा और फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। एसएसपी आवास की सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर मालिकाना हक जताने का खुलासा एसआईटी की जांच में हुआ है। मामले में सात नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसआईटी जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर एसएसपी आवास की सरकारी जमीन को अपनी संपत्ति बताकर उस पर मालिकाना हक का दावा किया। जांच में यह भी सामने आया कि इसी आधार पर आवास विकास विभाग से भारी मुआवजा भी हासिल कर लिया गया।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने वर्षों तक इस जमीन से किराया भी वसूला, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ। पूरे मामले में सरकारी रिकॉर्ड और दस्तावेजों के साथ कथित छेड़छाड़ की भी आशंका जताई गई है।
एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर सिविल लाइंस थाने में सात नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने, मुआवजा लेने और पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी जमीन पर हुए इस कथित फर्जीवाड़े ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट : रेहान,मुरादाबाद