बिथरी चैनपुर के ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पास हुआ हादसा, अस्पताल जा रहे थे तीनों,पुलिस ने शुरू की जांच, डीसीएम चालक की तलाश जारी
बरेली: यूपी के बरेली शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर शाहजहांपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर एक डीसीएम में जा घुसी। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान रजऊ परसपुर निवासी अमित सक्सेना और बबलू के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला सीमा, अमित की पत्नी हैं। तीनों एक ही बाइक से रजऊ गांव से बरेली के एक निजी अस्पताल जा रहे थे।बताया गया कि अमित की बुआ को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें देखने के लिए तीनों निकले थे।
ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाहजहांपुर हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के निकट बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने जा रही डीसीएम में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित और बबलू की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कुछ दिन पहले ही गांव लौटे थे दोनों युवक

परिजनों के अनुसार अमित सक्सेना और बबलू हिमाचल प्रदेश में मजदूरी का काम करते थे। दोनों कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे। किसी ने भी नहीं सोचा था कि अस्पताल जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसा उनकी जिंदगी छीन लेगा। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जांच में जुटी पुलिस
बिथरी चैनपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
