मृतक के परिजन
मृतक के परिजन
मामूली कहासुनी ने लिया खूनी मोड़, इलाज के दौरान हरिओम ने तोड़ा दम; सीओ ने परिजनों को जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
बदायूं: बदायूं जिले में रास्ते में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक परिवार पर भारी पड़ गया। कादरचौक थाना क्षेत्र में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल हरिओम की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 12 और 13 जुलाई की रात की है। जरीफनगर थाना क्षेत्र के कादरनगर उर्फ कादरचौक निवासी हरिओम दावत से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट में हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।