बरेली : समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आज मिशन कंपाउंड स्थित पार्टी कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। इसमें बूथ लेवल एजेंट (बी. एल. ए.) और बूथ प्रभारियों की नियुक्ति को लेकर जोन और सेक्टर प्रभारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि देश में भाजपा सत्ता के लिए वोट चोरी कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर मतदाताओं को डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में बड़ी चुनौती सामने है, लेकिन यदि हम बूथ मजबूत करेंगे और सक्षम बी.एल.ए. और प्रभारी नियुक्त करेंगे, तो वोट चोरी रोक सकते हैं और अखिलेश यादव के नेतृत्व में जनता की सरकार बना सकते हैं।
बूथ कार्यकर्ताओं की सजगता से जीतेंगे बूथ
पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि हमारे पास जितने मजबूत कार्यकर्ता हैं। उतने किसी अन्य दल के पास नहीं हैं। यदि ये कार्यकर्ता बूथ पर सक्रिय हो जाएं, तो कोई चुनौती पार करना मुश्किल नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आज से ही संकल्प लेने को कहा कि वे बूथ मजबूत करने में जुटेंगे।
वोट के बल पर 2027 में हटाएंगे जालिम सरकार
पूर्व मंत्री और भोजीपुरा विधायक शहज़िल इस्लाम ने कहा कि पूरी दुनिया में तख्ता पलट का दौर चल रहा है, लेकिन हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं। ताकत के बल नहीं, वोट के बल पर 2027 में जालिम सरकार को हटाएंगे। उन्होंने नफरत की राजनीति का मुकाबला प्रेम और भाईचारे से करने की बात कही। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि बूथ की मजबूती से ही सरकार बनेगी। इसलिए हर कार्यकर्ता को अपना बूथ मजबूत बनेगा। शहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी व पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनता भाजपा के झूठे वायदों से ऊब चुकी है, और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को वोट बनवाने में दिक्कत हो तो संगठन से संपर्क करें ताकि कोई वोट छूटे नहीं।
गलत नीतियों का करें विरोध
अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद ने कहा कि हमें एकजुट होकर सरकार की गलत नीतियों का विरोध करना होगा और अपने वोट की रक्षा करनी होगी।उन्होंने चेतावनी दी कि विपक्षी ताकतें वोट काटने की कोशिश कर सकती हैं। पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद ने सपा सरकार की नीतियां गिनाई। महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने शहर और कैंट के जोन व सेक्टर प्रभारियों से अपील की कि वे तुरंत बी. एल. ए. और प्रभारी नियुक्त कर नाम उपलब्ध कराएं ताकि संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हो सके।
यह पदाधिकारी थे मौजूद
इस दौरान बैठक में ज़िला महासचिव संजीव यादव, डॉ. अनीस बेग, अरविंद यादव, सैफ वली खान, शेर सिंह गंगवार, राजेश मौर्या, हसीब खान, रोहित राजपूत, शरीफ खां, मुहम्मद वसीम ने विचार व्यक्त किए। पार्षद अलीम सुल्तानी, मुहम्मद सलीम अंसारी, नाजिम कुरैशी, रेहान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही अनेक पार्षदों, प्रकोष्ठ अध्यक्षों, और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
