बरेली : यूपी सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को बदायूं रोड स्थित पटेल विहार के नवनिर्मित मानसिक मंदित आश्रय गृह स्कूल और मूकबधिर विद्यालय का निरीक्षण किया। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बच्चों की पढ़ाई में लापरवाही देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोले, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।
सिलेबस में प्रगति नहीं देख भड़के मंत्री
देखें वीडियो
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बच्चों की कॉपियां और किताबें देखीं। उन्हें यह देखकर झटका लगा कि दो महीने बीत जाने के बावजूद बच्चों के सिलेबस में कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को पढ़ाई के माध्यम से सशक्त बनाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी।
भोजन की गुणवत्ता पर संतोष, लेकिन शिक्षा पर नाराजगी
मंत्री ने बच्चों के भोजन की गुणवत्ता भी जांची। भोजन सही पाया गया, लेकिन पढ़ाई और सिलेबस में पिछड़ापन देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए। इसलिए शिक्षकों और अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
24 बच्चों का पंजीकरण, सभी उपस्थित
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि मूकबधिर विद्यालय में कुल 24 बच्चों का पंजीकरण है और सभी बच्चे उपस्थित हैं। क्लास टीचर और विशेष शिक्षक भी मौजूद थे। मंत्री ने निर्देश दिया कि बच्चों की शिक्षा और विकास को प्राथमिकता दी जाए और स्कूल संचालन में कोई कमी न हो।
उपराष्ट्रपति चुनाव पर खुशी जाहिर
सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि एनडीए के उपराष्ट्रपति पद प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन की ऐतिहासिक जीत से देशभर के पिछड़ा वर्ग समाज का गौरव बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ओबीसी वर्ग से उपराष्ट्रपति चुना जाना पिछड़ों को सम्मान देने वाला कदम है।
