बरेली : यूपी के बरेली में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते बचा। दिल्ली को जाने वाले बड़ा बाईपास पर एक बाइक के सामने अचानक आवारा पशु आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई और दोनों युवकों की हालत गंभीर हो गई। हादसे के बाद उन्हें तुरंत निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है।
जानें कैसे हुआ हादसा?
सीबीगंज थाना क्षेत्र के मावई मुड़िया निवासी नितेश और फन्ने लाल परसाखेड़ा इंडस्ट्रीयल एरिया में स्थित एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। बुधवार शाम फैक्ट्री से लौटते समय उनकी बाइक दिल्ली-बरेली हाईवे पर बड़े बाईपास के पास अचानक सामने आए आवारा पशु से टकरा गई।
बाइक की रफ्तार तेज थी। जिससे संतुलन बिगड़ गया, और दोनों सड़क पर गिर पड़े। राहगीर सलीम खां ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें नजदीकी निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
इलाज जारी, हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सा जारी है। डॉक्टरों ने कहा कि समय पर इलाज मिलने से जान बच सकी। हादसे ने एक बार फिर आवारा पशुओं की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आवारा पशु घूमते रहते हैं। जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि सड़क सुरक्षा के उपाय किए जाएं, और आवारा पशुओं की निगरानी बढ़ाई जाए।
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
राहगीरों ने बताया कि इस मार्ग पर आवारा पशु अक्सर सड़क पर आ जाते हैं और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
