बरेली : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। परिवहन विभाग की रिपोर्ट में कई स्कूली वाहनों के परमिट और फिटनेस की वैधता समाप्त मिलने के बाद जिले के आठ विद्यालयों को नोटिस जारी करने की बात सामने आई है। डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने स्कूल प्रबंधनों को सात दिन के भीतर वाहनों से जुड़ी सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। तय समय में अनुपालन नहीं होने पर विद्यालय की एनओसी निरस्त करने की संस्तुति की चेतावनी दी गई है।
आठ स्कूलों को नोटिस, परिवहन विभाग की रिपोर्ट बनी आधार
परिवहन विभाग के मुताबिक कार्रवाई की जद में बेदी इंटरनेशनल स्कूल, कृष्णा पब्लिक स्कूल, मदर्स प्राइड कॉन्वेंट स्कूल आंवला, सर्वोदय जन कल्याण पब्लिक विद्यालय, डीएसआर पब्लिक स्कूल, जय नारायण पब्लिक स्कूल और लोटस अकादमी शीशगढ़ समेत आठ विद्यालय बताए गए हैं।परिवहन विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार इन विद्यालयों से जुड़े कुछ स्कूली वाहनों के परमिट और फिटनेस की वैधता समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वाहनों का संचालन किए जाने की स्थिति सामने आने पर शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूल प्रबंधनों से जवाब तलब किया है।
सात दिन का अल्टीमेटम
डीआईओएस की ओर से जारी निर्देश में स्कूल प्रबंधनों को एक सप्ताह के भीतर एआरटीओ कार्यालय में वाहनों की फिटनेस और परमिट से संबंधित जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं कराने या वैधानिक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर संबंधित विद्यालय की एनओसी निरस्त करने की संस्तुति की जा सकती है।
बच्चों की सुरक्षा पर विभाग सख्त स्कूली वाहनों की फिटनेस
दस्तावेज बच्चों की सुरक्षा से सीधे जुड़े हैं। फिटनेस समाप्त वाहन सड़क पर चलने के लिए सुरक्षित हैं या नहीं, इसे लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। यही वजह है कि परिवहन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधनों को तत्काल अनुपालन के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित मानकों और वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा किए बिना स्कूली वाहनों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। नोटिस के बाद भी लापरवाही मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
