बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो के लिए होगी संविदा भर्ती, आठवीं पास और हैवी लाइसेंस धारक कर सकेंगे आवेदन
बरेली : उत्तर प्रदेश रोडवेज में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बरेली परिक्षेत्र के चार डिपो में चालकों की कमी को दूर करने के लिए 200 संविदा चालकों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए 29 जून को बरेली स्थित रीजनल वर्कशॉप में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक ने समिति का गठन भी कर दिया है।
चार डिपो में होगी भर्ती
यह भर्ती बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो के लिए की जाएगी। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से चालकों की कमी के कारण कई बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। कई रूटों पर बसें नहीं भेजी जा पा रही हैं, जबकि कुछ लंबी दूरी के रूटों पर दो चालकों की जगह एक ही चालक से बस संचालित कराई जा रही है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ-साथ मौजूदा चालकों पर कार्यभार भी अधिक हो रहा है।
भर्ती के लिए बनी समिति
क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने भर्ती प्रक्रिया के संचालन के लिए समिति का गठन किया है। समिति में चारों डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) और एआरएम (वित्त) को शामिल किया गया है, जो भर्ती प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
ये अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का कम से कम आठवीं पास होना आवश्यक है। आवेदन के समय आयु 23 वर्ष 6 माह या उससे अधिक होनी चाहिए। अभ्यर्थी की न्यूनतम लंबाई 5 फुट 3 इंच निर्धारित की गई है। इसके अलावा आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस पर नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि एक समान होना अनिवार्य है।
दो वर्ष पुराना हैवी लाइसेंस जरूरी
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास भर्ती की तिथि तक कम से कम दो वर्ष पुराना हैवी सर्विस ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। पात्र अभ्यर्थी 29 जून को आयोजित रोजगार मेले में आवश्यक दस्तावेजों के साथ शामिल होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि इस भर्ती से चालकों की कमी काफी हद तक दूर होगी और यात्रियों को बेहतर एवं नियमित बस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
