20 अक्टूबर सुबह 7 बजे से मेला समाप्त होने तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था,परसाखेड़ा, बिलवा, इन्वर्टिस तिराहा और रामगंगा समेत कई मार्गों पर बदलेगा आवागमन
बरेली : दशहरे पर रावण दहन और मेला देखने जाने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जरूर जान लें। 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा मेले के मद्देनजर बरेली में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। सुबह सात बजे से मेला समाप्त होने तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।वहीं, मेले के दौरान भीड़ बढ़ने पर शहर के कई प्रमुख रास्तों पर चार पहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही भी प्रतिबंधित की जा सकती है।यातायात पुलिस ने शहर में जाम की स्थिति से निपटने और मेले में आने वाले लोगों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार किया है। इसका असर दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत और बदायूं की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों पर भी पड़ेगा। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
परसाखेड़ा से रामगंगा तक कई स्थानों पर नो एंट्री
दशहरा मेले के दौरान परसाखेड़ा रोड नंबर एक,बिलवा, बिलयधाम,लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, सैटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 20 अक्टूबर को सुबह सात बजे से मेला समाप्त होने तक लागू रहेगी। इस दौरान इन मार्गों से बरेली शहर में प्रवेश करने वाले ट्रक और अन्य भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर पहुंचने से पहले ही अपने गंतव्य के अनुसार रास्ता तय कर लें।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से आने वाले भारी वाहनों का रूट
रूट डायवर्जन के दौरान दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से बरेली आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर एक तक आवागमन का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बड़ा बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचने का विकल्प दिया गया है। वहीं, इन क्षेत्रों से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा, बिलवा, बिलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होकर गुजरना होगा। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को अपनाना होगा वैकल्पिक मार्ग बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी रूट में बदलाव किया गया है। दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होते हुए बदायूं की ओर जाना होगा। वहीं, बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों के लिए बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा का मार्ग निर्धारित किया गया है। वापसी में भी इन्हीं रास्तों का पालन करना होगा।
कुदेशिया, अलखनाथ और कोहाड़ापीर की ओर भी रोक?
दशहरा मेले के दौरान शहर के अंदर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। भीड़ बढ़ने की स्थिति में इज्जतनगर तिराहा से कुदेशिया फाटक, अशोक नगर तिराहा से कुदेशिया अंडरपास, किला क्रॉसिंग से अलखनाथ मंदिर और सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर की ओर चार पहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश रोका जा सकता है। इन मार्गों पर प्रतिबंध भीड़ की स्थिति को देखते हुए लागू किया जाएगा। इसलिए इन क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।
श्यामगंज से कालीबाड़ी और चौपला से नॉवेल्टी तक डायवर्जन
भीड़ बढ़ने पर शहर के कुछ अन्य प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी। मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर मठ की चौकी और श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी की ओर चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नॉवेल्टी की ओर जाने वाले मार्गों पर भी इन वाहनों की एंट्री रोकी जा सकती है। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य मेले के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करना है।
एसपी ट्रैफिक की अपील-घर से निकलने से पहले देख लें रूट
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान के मुताबिक, दशहरे पर शहर और देहात से बड़ी संख्या में लोग रावण दहन और मेला देखने पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जाम और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए ट्रैफिक प्लान के अनुसार ही यात्रा करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
