पुरानी पेंशन से लेकर जर्जर शेड और निजीकरण तक मुद्दे, रेलवे कर्मचारियों ने उठाईं कई मांगें
बरेली : यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (PCME) के आगमन पर एनई रेलवे मजदूर यूनियन (NERMU) वर्कशॉप मंडल ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यूनियन के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष वीएन सिंह के नेतृत्व में मंडल मंत्री परवेज अहमद ने PCME को ज्ञापन देकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
पुरानी पेंशन, HRMS और इंसेंटिव का मुद्दा प्रमुख
ज्ञापन में पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड को HRMS में अपलोड करने और HRMS ट्रेड कोड से जुड़ी तकनीकी समस्या दूर करने की मांग की गई। इसके अलावा RTS शॉप के कर्मचारियों को इंसेंटिव भुगतान और वेल्डरों को निर्धारित इंसेंटिव दिलाने की मांग भी उठाई गई।
जर्जर शेड की मरम्मत से लेकर सुरक्षित लोडिंग-अनलोडिंग तक मांग
यूनियन ने कारखाना और स्टोर डिपो के जर्जर टीन शेडों की मरम्मत कराने, AC/RMPU यूनिट की सुरक्षित लोडिंग -अनलोडिंग की व्यवस्था करने और गुणवत्तापूर्ण ड्रिल मशीन समेत जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। ट्रिमिंग अनुभाग के शेड को ऊंचा करने और डेमू कार्य के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल रहा।
डिस्पेंसरी में महिला नर्स और शुद्ध पेयजल की मांग
कर्मचारियों ने कारखाना डिस्पेंसरी में महिला नर्स की नियुक्ति तथा कारखाना और वर्कशॉप में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग रखी। यूनियन ने कर्मचारियों की कार्यस्थल संबंधी सुविधाओं को बेहतर करने पर भी जोर दिया।
CMT सेंटर,बढ़ते निजीकरण का भी मुद्दा
ज्ञापन में CMT सेंटर के BOPs को पूर्वोत्तर रेलवे से डिलिंक करने की मांग के साथ ही कारखाने के बढ़ते निजीकरण पर रोक लगाने का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए और संगठन कर्मचारी हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
यह थे मौजूद
इस दौरान मंडल अध्यक्ष अनुराग शुक्ला, राजवीर मीना, धर्मपाल, पवन मिश्रा, ओम प्रकाश, माधव मिश्रा, गोविंद, अनूप सैनी, केके यादव, साजिद, असद, अभिषेक, विक्की राणा, राकेश मीना, आबिद, बाबूलाल मीणा, नाजिश, गणपत मीणा, सचिन सक्सैना और हर्ष सक्सैना समेत यूनियन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
