बरेली: लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक अधिकारी के सरकारी आवास पर काम करने वाले कर्मचारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की पीडब्ल्यूडी कॉलोनी की है, जहां कर्मचारी का शव उसके कमरे में बंद हालत में मिला।
अधीक्षण अभियंता के रसोइए के रूप में था तैनात
मृतक की पहचान 50 वर्षीय वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह अधीक्षण अभियंता के.के. सिंह के सरकारी आवास पर रसोइए का काम करते थे और वहीं बने कमरे में रहते थे।बताया गया कि वीरेंद्र सिंह रोज की तरह रात में अपने कमरे में सोने गए थे। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर वीरेंद्र सिंह बेहोशी की हालत में पड़े मिले। कमरे के अंदर अंगीठी जल रही थी, जिससे दम घुटने की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस ने तुरंत वीरेंद्र सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी तरह की चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में अंगीठी जलाने के कारण दम घुटने से मौत हो सकती है। फिलहाल शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
