बरेली: शहर के किला थाना क्षेत्र अंतर्गत खन्नू मोहल्ला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला को उसके पति द्वारा विनायक अस्पताल ले जाया गया। मगर, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए, और पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता इंतेजार हुसैन के मुताबिक, उनकी बेटी शहनाज का निकाह करीब आठ साल पहले खन्नू मोहल्ला निवासी माजिद से हुआ था। माजिद एक दवा कंपनी में सेल्समैन के तौर पर काम करता है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शहनाज को घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।
सुबह बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे माजिद ने फोन कर शहनाज की तबीयत अचानक खराब होने की सूचना दी, जब तक मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, तब तक शहनाज की मौत हो चुकी थी। परिजनों का दावा है कि महिला के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
भाई ने लगाए गंभीर आरोप
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के भाई मोहसिन ने पति माजिद पर सीधे तौर पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लंबे समय से हो रही प्रताड़ना के चलते ही शहनाज की जान गई है।
क्या बोली किला थाना पुलिस
इस मामले में थाना किला पुलिस का कहना है कि मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
