बरेली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बरेली में महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल कर ‘वीरांगना यूनिट’ का शुभारंभ किया। यह बरेली पुलिस की महिला एसओजी कमांडो टीम है, जो अब सीधे सड़कों पर गश्त करेगी और अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
क्या है ‘वीरांगना यूनिट’?
8 महिला कांस्टेबल्स की यह टीम एसपी साउथ अंशिका वर्मा के नेतृत्व में बनी है। सभी सदस्य मार्शल आर्ट, नंचकु, लाठी-कॉम्बैट, पंचिंग, किकिंग, हथियार चलाना और आत्मरक्षा की उन्नत ट्रेनिंग ले चुकी हैं। टीम का मिशन न सिर्फ अपराध नियंत्रण बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करना है।
आज से मैदान में तैनाती
शुक्रवार से यह यूनिट संवेदनशील इलाकों में गश्त करेगी, विशेष अभियानों में हिस्सा लेगी और जरूरत पड़ने पर मौके पर तुरंत एक्शन भी लेगी। शुभारंभ के दौरान सीएम योगी ने कहा”यह सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि नारी शक्ति का प्रतीक है। बरेली की वीरांगनाएं यह साबित करेंगी कि अगर उन्हें मौका मिले तो वे किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटतीं।”
महिला सशक्तिकरण की मिसाल
यह पहल बरेली में महिला सुरक्षा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जो अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।
