लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक ट्वीट कर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समस्या कोष की नहीं, सोच की है। क्योंकि, भाजपा सरकार शिक्षा को भी लाभ-हानि की कारोबारी मानसिकता से देख रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा कि आदर्श शिक्षा व्यवस्था में 1 शिक्षक पर 20 छात्रों का अनुपात (1:20) होना चाहिए, लेकिन उप्र सरकार बजट का हवाला देकर इस मानक को पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा “यदि मुख्यमंत्री जी आत्म-प्रचार के खर्च में कटौती कर दें, तो बच्चों की पढ़ाई के लिए पूरा बजट आसानी से मिल सकता है।”
शिक्षा को लाभ-हानि से ऊपर रखने की अपील
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकता रही है, और रहेगी। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार जब भी स्कूल बंद करेगी, ‘पीडीए पाठशाला’ बच्चों की पढ़ाई बचाने में ढाल की तरह खड़ी होगी। इसके साथ ही अंत में उन्होंने नारा दिया,“भाजपा जाए, तो पढ़ाई बच जाए!”
