मृतक मुकेश की फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ट्रक ड्राइवर का शव ट्रक मालिक के ऑफिस के केबिन में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटनाक्रम के बाद मृतक के परिजनों ने ट्रक मालिक और उसके रिश्तेदार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
22 वर्षीय ड्राइवर मुकेश का शव ऑफिस के केबिन में मिला
उधम सिंह नगर के छतरिया थाना क्षेत्र के पुलभट्टा निवासी मुकेश (22 वर्ष) पेशे से ट्रक चालक था। रविवार शाम उसका शव बहेड़ी के ट्रक मालिक आशु के ऑफिस के केबिन में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिवार ने लगाए आरोप- “पिटाई से हुई मौत”
मृतक के भाई सुनील ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या ट्रक मालिक आशु और उसके ममेरे भाई पंकज ने मिलकर की है। परिवार के अनुसार, डकैती या हादसा नहीं बल्कि पूरी घटना एक प्लान्ड हमला लग रही है। परिजनों का दावा है- “मुकेश को ऑफिस में ले जाकर बंद कर बेरहमी से पीटा गया। नाजुक अंगों पर भारी वस्तु से वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।”
टक्कर से शुरू हुआ विवाद, पंकज कार में बैठाकर ले गया
भाई सुनील के मुताबिक, रविवार को मुकेश नौगामा गांव से गन्ना लेकर बहेड़ी की ओर आ रहा था। तभी बहेड़ी फाटक के पास उसकी ट्रक की पंकज की कार से हल्की टक्कर हो गई। आरोप है कि-टक्कर के बाद पंकज गुस्से में आगबबूला हो गया।उसने मुकेश को जबरन कार में बैठाया, और उसे सीधे मालिक आशु के ऑफिस ले गया। वहाँ पहुंचने पर मुकेश की बुरी तरह पिटाई की गई
परिजनों को खुद ट्रक मालिक ने दी सूचना
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना की जानकारी खुद ट्रक मालिक आशु ने परिजनों को फोन कर दी। परिवार जब मौके पर पहुंचा तो मुकेश केबिन में मृत पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिजन बदहवास हो गए। सूचना मिलते ही बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची, शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है।“फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।”घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है तथा दोनों आरोपियों की संभावित भूमिका की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
