बरेली : शहर के कॉलोनाइज़र मोहम्मद आरिफ पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। बीते 48 घंटे में दो अवैध शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जमींदोज करने के बाद अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने उनकी कॉलोनी फाईक एन्क्लेव को निशाने (टारगेट) पर लिया है। बीडीए की ताज़ा आंतरिक सर्वे रिपोर्ट में 25 अवैध भवन चिह्नित कर ध्वस्तीकरण आदेश जारी कर दिए गए हैं, जबकि 60 से ज्यादा भवनों को नोटिस देकर 15 दिन में स्वीकृत मानचित्र जमा करने का अंतिम मौका दिया गया है। स्पष्ट है कि नक्शा नहीं तो बुलडोजर तय।
“आई लव मुहम्मद” विवाद और 26 सितंबर हिंसा के बाद कार्रवाई तेज
हाल के महीनों में कई संवेदनशील घटनाओं के बाद प्रशासन ने अवैध संपत्तियों पर कड़ा एक्शन शुरू किया है। फाईक एन्क्लेव उन्हीं टॉप टारगेट्स में शामिल है, जहां कई बड़े निर्माण सवालों के घेरे में हैं। बीडीए की टीम इस समय कॉलोनी में डोर -टू-डोर सर्वे कर रही है। बताया जाता है कि रिपोर्ट में सामने आया है कि कई भवन स्वामी बार-बार नोटिस देने के बाद भी मानचित्र नहीं दे पाए। 25 निर्माण पूरी तरह अवैध पाए गए। इनके खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश जारी। 60 भवनों को 15 दिन की अंतिम मोहलत दी है। बीडीए का साफ कहना है-“मानचित्र नहीं देंगे तो कार्रवाई तय मानी जाए।”आरिफ पर पहले से ही सीलिंग भूमि कब्जा से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की जांच रिपोर्ट में गाटा संख्या-367 में 3,589 वर्गमीटर सीलिंग भूमि कब्जे और अन्य गाटा पर भी सरकारी जमीन अधिग्रहण की। लेखपाल की एफआईआर जैसे तथ्य सामने आए थे। अब नए मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने इन मामलों की पुरानी फाइलें फिर से खोलने के आदेश दिए हैं।
दो एफआईआर, गंभीर आरोप
आरिफ के खिलाफ वर्ष 2023 में केस दर्ज हुआ। इसमें 10 लाख की रंगदारी का आरोप है। शहर के नेकपुर निवासी काशीनाथ की शिकायत पर आरिफ, उसके बेटे फारिक और फहम लान के मैनेजर धर्मेंद्र समेत कई लोगों पर रंगदारी मांगने, निर्माण रुकवाने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2024 में सरकारी जमीन कब्जा, लेखपाल जय नारायण की रिपोर्ट में आरिफ समेत 7 लोगों पर सरकारी/सीलिंग जमीन पर कब्जा, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण जैसे आरोप लगे। कोर्ट के आदेश पर इस केस की नई विवेचना फिर शुरू हो गई है। एक पीसीएस अफसर की कोठी भी जांच के घेरे में बताई जा रही है।
दो दिन में दो मार्केट ढहाए
बीडीए ने पिछले 48 घंटों में 15–16 दुकानों वाला दो मंजिला कॉम्प्लेक्स, कई व्यावसायिक निर्माण को जमींदोज किया है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, धारा 144 और ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहा।
