बरेली : यूपी के बरेली की नगर पालिका आंवला में शनिवार को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण होगा। इस विशेष अवसर पर मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और जनसभा को भी संबोधित करेंगी। यह कार्यक्रम लोधी राजपूत कल्याण समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है। सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन रोड स्थित कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के आवास के सामने बने तिराहे पर वीरांगना चौक पर 10 लाख रुपये की लागत से तैयार प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता होंगे शामिल
कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री संदीप सिंह, राज्यमंत्री जेपीएस राठौर, सांसद साक्षी महाराज, बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार, पूर्व सांसद राजवीर सिंह (राजू भइया), पूर्व सांसद घनश्याम लोधी, एटा विधायक विपिन कुमार, सांसद मुकेश राजपूत, वन मंत्री अरुण कुमार, शाहजहांपुर की महापौर अर्चना वर्मा, और स्वामी प्रवक्तानंद के शामिल होने की उम्मीद है।
10 हज़ार से अधिक लोगों की उम्मीद
आयोजकों के मुताबिक, इस जनसभा में करीब 10 हज़ार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंत्री धर्मपाल सिंह कार्यकर्ताओं के साथ जुटे हैं।
