पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा, जांच शुरू
बरेली : यूपी के बरेली देहात के अलीगंज थाना क्षेत्र के त्रिराईदत्त नगर गांव में जहरीली शराब पीने से बड़ा हादसा हो गया। हरियाणा से लाई गई शराब पीने के बाद तीन ग्रामीणों की हालत बिगड़ गई। इनमें से रामवीर (38 वर्ष) और सूरजपाल (55 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि भगवानदास (39 वर्ष) की हालत नाजुक बनी हुई है, और उसका इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में जारी है।
गांव के नलकूप पर पी थी शराब
जानकारी के अनुसार, भगवानदास रात को फरीदाबाद से अपने गांव लौटा था, और अपने साथ शराब भी लेकर आया था। सुबह करीब 8 बजे उसने अपने साथी रामवीर और सूरजपाल के साथ विजयपाल के नलकूप पर बैठकर शराब पी। कुछ ही देर में तीनों की हालत अचानक बिगड़ गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों ने आनन-फानन में तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शुक्रवार रात रामवीर की मौत हो गई, वहीं शनिवार सुबह सूरजपाल ने भी दम तोड़ दिया। भगवानदास की हालत अभी भी गंभीर है।
गांव में मातम, जांच में जुटी पुलिस
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मृतक छोटे किसान थे और खेती से परिवार का भरण -पोषण करते थे। वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चल सकेगा।
