बरेली : यूपी के बरेली पर गुरुवार को ट्रिपल अटैक था। यहां सीजन की सबसे अधिक ठंड है, तो वहीं कोहरे के चलते लोगों का चलना मुश्किल था। मगर, यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बढ़ गया है। जिसके चलते लोगों को ट्रिपल अटैक का सामना करना पड़ रहा है। बढ़े AQI के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो चुका है। गुरुवार को मकर संक्रांति थी। मगर, बरेली में कड़ाके की ठंड का दौर एक बार फिर लौट आया है। एक दिन की हल्की राहत के बाद मौसम ने दोबारा करवट ली और गुरुवार को सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन शीतलहर के चलते लोगों को कोई खास राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने बरेली के लिए दो दिन तक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि इसके बाद बारिश की संभावना जताई गई है।
सुबह से छाया रहा घना कोहरा, दृश्यता हुई बेहद कम
गुरुवार सुबह से दोपहर करीब एक बजे तक शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।बरेली एयरपोर्ट, एयरफोर्स क्षेत्र और बाहरी इलाकों में दृश्यता शून्य तक दर्ज की गई। बाद में कोहरा छंटने पर दृश्यता 20 से 200 मीटर तक पहुंच सकी, लेकिन तेज और ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ गई।
न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री,शीतलहर ने बढ़ाई परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बरेली का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। वहीं, बीते दिनों में ठंड ने लगातार रिकॉर्ड बनाए हैं। बुधवार की रात तापमान में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी जरूर हुई, लेकिन इसके बावजूद रात का पारा सामान्य से तीन डिग्री नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
17 जनवरी तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 जनवरी तक बरेली में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है इस दौरान सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
18 जनवरी से बदल सकता है मौसम, बारिश के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मध्य प्रदेश और राजस्थान पर बने विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होगा। इससे बर्फीली हवाओं का असर कुछ हद तक कम हो सकता है, लेकिन 18 जनवरी से बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद शीतलहर का असर और तेज होने का अनुमान है।
