बरेली : यूपी के बरेली जनपद में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार देर रात और मंगलवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन दर्दनाक सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों में एक नवविवाहित युवक, एक प्राइवेट नौकरी करने वाला युवक और एक महिला की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शादी से लौटते वक्त नवविवाहित युवक की मौत,8 महीने पहले हुई थी शादी

थाना भूता क्षेत्र के मगरसा गांव निवासी 26 वर्षीय अभिषेक सोमवार शाम अपने दोस्त की शादी में शामिल होने ट्यूलिया गांव गया था। वहां से लौटते समय फतेहगंज पश्चिमी हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की चाची अनिल देवी ने बताया कि अभिषेक की शादी 8 महीने पहले उगानपुर गांव निवासी पूजा से हुई थी। हादसे की खबर सुनते ही पूजा बेहोश हो गई, घर में मातम पसरा हुआ है।
पानीपत जा रहे युवक की हादसे में मौत, दो दोस्त घायल

थाना आंवला क्षेत्र के राजपुर खुर्द गांव निवासी 28 वर्षीय विवेक की सोमवार शाम एक सड़क हादसे में मौत हो गई। विवेक अपने दोस्तों नेकत और सचिन के साथ पानीपत जा रहा था। जब वे देवीपुरा पुल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की मां कुंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेक दो भाइयों में बड़ा था और प्राइवेट नौकरी करता था।
सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से महिला की मौत
थाना भमोरा क्षेत्र के बल्लिया गांव निवासी 55 वर्षीय नाथू देवी सोमवार शाम सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नाथू देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल है। नाथू देवी के बेटे शिवम शर्मा ने बताया कि उनकी मां गांव की दो महिलाओं के साथ ई-रिक्शा से बिनावर गई थीं। लौटते वक्त सड़क पार करते समय हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
