चंदौली: मंगलवार सुबह छठ पूजा की तैयारी के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। परिवार के तीन सदस्यों सास, बहू और पोते की तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार घाट की ओर पैदल जा रहा था।
घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के पंचफेड़वा गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर हुई। बताया गया कि ट्रक चालक ने सड़क किनारे चल रहे तीनों को रौंद दिया। ट्रक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराया और फिर एक बाइक को भी टक्कर मारते हुए फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 45 वर्षीय कुमारी देवी, उनकी बहू 30 वर्षीय चांदनी देवी और 7 वर्षीय पोता सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिजन जब मौके पर पहुंचे तो मामा भांजे का शव गोद में लेकर फूट-फूटकर रोने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और गुस्से में हाईवे पर जाम लगा दिया। परिवार के मुखिया सुखराम ने बताया सुबह करीब पांच बजे मेरी पत्नी, बहू और पोता घाट के लिए निकले थे। कुछ ही दूर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। जब तक हम पहुंचे, सब खत्म हो चुका था। अब घर में बस मैं, मेरा बेटा और पांच साल की पोती रूही ही बचे हैं। एक झटके में पूरा परिवार उजड़ गया।
हादसे की सूचना पर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर किसी तरह स्थिति को संभाला और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। भीड़ चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रही। आखिरकार पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। पुलिस ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
