2027 में समाजवादी सरकार बनने का दावा- कार्यकर्ताओं से एकजुटता और अनुशासन की अपील
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा एक राजनीतिक गैंग की तरह काम कर रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में नफरत फैलाना और सामाजिक सद्भाव को कमजोर करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भूमाफिया, भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों को खुली छूट मिली हुई है। यह बातें उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं।

भाजपा पर बड़े आरोप
अखिलेश यादव ने कहा “भाजपा सरकार में जमीनों, सरकारी तालाबों और सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। भाजपा अब भूमाफिया पार्टी बन चुकी है। राज्य में हर विभाग भ्रष्टाचार से भरा पड़ा है। बजट की लूट खुलेआम जारी है।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से दूर है, और उसके शासन में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है।
“जनता का समाजवादी पार्टी पर भरोसा”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोग बदलाव चाहते हैं “समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मेहनती और संघर्षशील हैं। जनता भाजपा सरकार को हटाने के लिए तैयार है। 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।”उन्होंने कहा कि सपा सरकार में किसानों को सिंचाई और दवाई मुफ्त मिली थीं, छात्रों को लैपटॉप, और युवाओं को रोजगार दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि जनता अब फिर उसी विकास मॉडल को वापस चाहती है।
कार्यकर्ताओं को अनुशासन और संवाद का संदेश
अखिलेश यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सपा की नीतियों की जानकारी दें। एक-दूसरे के प्रति सम्मान और भरोसा रखें। सोशल मीडिया पर अनावश्यक विवाद और आरोप -प्रत्यारोप न करें। संगठन की मजबूती ही आने वाले चुनाव की कुंजी है
पीडीए पर भेदभाव का आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) वर्ग को योजना, रोजगार और सामाजिक समानता में पिछाड़ा और प्रताड़ित किया है। उन्होंने कहा “सामाजिक न्याय की लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है।”

-2027 का वादा
अखिलेश यादव बोले “समाजवादी पार्टी 2027 में सरकार बनाकर सामाजिक न्याय और समान सम्मान का शासन स्थापित करेगी। हर नागरिक को सुरक्षा, अवसर और इज़्ज़त मिलेगी।”
