बरेली : शहर की थाना बारादरी पुलिस ने तेज़ी दिखाते हुए बाइक चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।
जानिए कैसे हुई चोरी की घटना?
10 अप्रैल को शाहजहांपुर निवासी विजय सिंह ने थाना बारादरी में शिकायत दर्ज कराई कि 6 अप्रैल को उनके रिश्तेदार के घर, पवन बिहार (बरेली) से अज्ञात चोरों ने घर के।बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
350 CCTV खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी
घटना के खुलासे के लिए बारादरी पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सटीक सूचना पर मरतौल रोड से दो आरोपियों,नितिन कुमार और अमन सागर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चोरी की दो बाइक बरामद की गईं।
आईफोन खरीदने के लिए करते थे चोरी
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन कुमार ने खुलासा किया कि उसे महंगे मोबाइल का शौक था और वह आईफोन 17 खरीदना चाहता था। इसी लालच में उसने अपने साथी अमन के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। नितिन बाइक का लॉक तोड़ता था और अमन उसे दूसरी जगह ले जाकर छुपा देता था।
बाइक बेचने से पहले ही दबोचे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में बरामदगी के आधार पर धाराएं बढ़ाई गई हैं और दोनों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
