बरेली : जिले के बिथरी चैनपुर और हाफिजगंज थाना क्षेत्रों से घरेलू हिंसा और अमानवीय उत्पीड़न के दो चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं।एक मामले में पति पर पत्नी के साथ दरिंदगी की हद पार करने का आरोप है, वहीं दूसरे मामले में महिला ने पति पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई है। शहर के बिथरी चैनपुर क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका पति उसे मायके से बुलाकर ससुराल ले गया, जहां उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। महिला के मुताबिक, पति ने उसके हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद किया और उसके साथ बर्बरता की। पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस घटना की शिकायत ससुराल वालों से की, तो उन्होंने उसकी बेरहमी से पिटाई की।
घर से तीन तलाक देकर निकाला
पति की पिटाई से उसकी पसली टूट गई और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं आरोप है कि बाद में पति और परिवार वालों ने उसे “तीन तलाक” देकर घर से निकाल दिया और प्रताड़ना का वीडियो बनाकर उसे मायके भेज दिया।
देह व्यापार के लिए दबाव, विरोध पर मारपीट
शहर के बारादरी थाना क्षेत्र की एक अन्य महिला ने एसएसपी से शिकायत कर बताया कि उसका पति कोई काम नहीं करता और उससे पैसे लाने का दबाव बनाता है। महिला का आरोप है कि पति उसे देह व्यापार करने के लिए मजबूर करता था और मना करने पर मारपीट करता था। इतना ही नहीं, कई बार आत्महत्या का नाटक कर मानसिक दबाव बनाता था। पीड़िता ने यह भी बताया कि पति ने घर का सामान बेच दिया और उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी, सख्त कार्रवाई के संकेत
दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
