शाहजहांपुर : शाहजहांपुर के पुवायां थाने में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम राजेश कुमार की शनिवार सुबह अचानक मौत हो गई। वह अपने सरकारी आवास के बाथरूम में मृत अवस्था में मिले, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर डॉक्टरों ने हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
राजेश कुमार, जिनकी उम्र 49 वर्ष थी, मूल रूप से उन्नाव जिले के बारा सगवर थाना क्षेत्र के हिश्यामपुर गांव के रहने वाले थे। उन्होंने वर्ष 1997 में सिपाही के पद से अपनी सेवा शुरू की थी और पदोन्नति पाकर इंस्पेक्टर बने। 29 अगस्त 2025 से वह पुवायां थाने में तैनात थे। थाना प्रभारी रवि करण सिंह के अवकाश पर होने के कारण फिलहाल उनके पास ही थाने की जिम्मेदारी थी। शनिवार सुबह वह अपने आवास में नहाने के लिए बाथरूम में गए थे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। जब स्टाफ ने उन्हें फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिसकर्मी आवास पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर राजेश कुमार बाथरूम में गिरे हुए मिले। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी ग्रामीण दीक्षा अरुण ने बताया कि प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
