पुराना शहर के युवक के रूप में शिनाख्त, गोताखोर तलाश को जुटे
बरेली : यूपी के बरेली में तेज बारिश के बीच रामगंगा पुल पर हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया गया है कि एक युवक ने पुल से नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की है। मामला सामने आते ही बरेली पुलिस हरकत में आ गई, और जांच भमोरा थाने को सौंपी गई। पुलिस के मुताबिक एक युवक ने नदी में किसी युवक के छलांग लगाकर जान देने की सूचना दी थी। जिसके चलते जांच की गई। घटनास्थल पर खड़ी स्कूटी से जांच पड़ताल की गई। इसमें कूदने वाला पुराना शहर का बताया गया है।
आधी रात को कूदा मोइन अली
पुलिस ने “THE JUSTICE HINDI” को बताया कि घटनास्थल पर स्कूटी से जांच की गई। इसमें स्कूटी बारादरी कोतवाली थाना क्षेत्र के सूफी टोला निवासी मोइन अली (30 वर्ष) की थी। उनके परिजनों को सूचना दी गई। उन्होंने मोइन के रात से गायब होने की बात बताई है। इसके बाद नदी में गोताखोर तलाश में जुटे हैं। मगर, वह नहीं मिला है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
विकेंद्र शर्मा नाम के एक युवक ने यह वीडियो रात में ही फेसबुक पर पोस्ट किया। प्रोफाइल के मुताबिक, वह खुद को गोरक्षक और पशु प्रेमी बताते हैं। उनके अनुसार, घटना के समय वह बरेली से लौट रहे थे, और उन्होंने स्कूटी पर खड़े एक युवक को देखा। बातचीत में युवक ने पहले किसी का इंतजार करने की बात कही, लेकिन बाद में जिंदगी से परेशान होने की बात कहकर स्कूटी की डिग्गी में फोन रखा, बोतल से कुछ पिया, और नदी में छलांग लगा दी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रेम प्रसंग में जान देने की आशंका
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है। मोइन अली ने शादी नहीं की थी। वह स्कूटी से शहर से आया, और बारिश के दौरान ही उसने नदी में छलांग लगा दी। वीडियो में स्कूटी पुल पर खड़ी है। युवक का बारिश में खड़ा होना, और बोतल से कुछ पीना और पुल से कूदना। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोगों की रोकने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि रामगंगा चौकी पुलिस को सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
भमौरा पुलिस जांच में जुटी
वायरल वीडियो को एक्स (ट्विटर) पर बरेली पुलिस को टैग किया गया। इसके बाद भमोरा पुलिस को जांच का निर्देश दिया गया है। फिलहाल, युवक की तलाश की जा रही है। उसके परिजन पहुंच गए हैं। युवक ने तेज धार के बीच छलांग लगाई है।
