बरेली : देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में चर्चित जुनैद हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी बलवन्त सिंह उर्फ अनमोल पर अब पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की है। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन घटना के बाद से वह फरार चल रहा है।
दावत के बहाने बुलाकर की गई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक 30 नवंबर, 2025 को नन्हे निवासी भूरे खां गौटिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 नवंबर को उनके बेटे जुनैद को आरोपी लवी उर्फ लवप्रीत ने दावत के बहाने बुलाया था। आरोप है कि वहां लवी, उसके भाई बलवन्त उर्फ अनमोल और उनके साथी सनी उर्फ सुखवन्त ने जुनैद के साथ मारपीट की और बाद में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ग्राम हजियापुर के पास नहर पुलिया के नीचे फेंक दिया गया था।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार
इस मामले में थाना फरीदपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लवी उर्फ लवप्रीत और सनी उर्फ सुखवन्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।वहीं घटना में शामिल बलवन्त सिंह उर्फ अनमोल अब भी फरार है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी कराने वाले को मिलेगा 20 हजार का इनाम
एसएसपी अनुराग आर्य ने फरार आरोपी बलवन्त सिंह उर्फ अनमोल निवासी बडरा कासिमपुर उर्फ कटरा पट्टी थाना फरीदपुर पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने लोगों से आरोपी की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
