बरेली : यूपी के बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां स्कूल के पास स्थित एक कुएं में गिरकर छह साल के मासूम छात्र की मौत हो गई। यह घटना भुता थाना क्षेत्र के गांव अदीनापुर की है। यहां स्थित आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ने वाला छह वर्षीय छात्र लविश गुरुवार सुबह स्कूल परिसर के पास लगे नल से पानी पीने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पास के गहरे कुएं में जा गिरा।
बच्चों के शोर के बाद मची अफरा -तफरी, कुएं से निकाला
मासूम को कुएं में गिरता देख वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर स्कूल के शिक्षक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर भुता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मासूम लविश की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्कूल सुरक्षा पर उठे सवाल
मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। इस हादसे के बाद स्कूल परिसर के पास खुले कुएं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
