बरेली: नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सुभाषनगर पुलिस और यूपी एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी यूपी समेत कई राज्यों में अफीम की सप्लाई करते थे और पंजाब में इसकी बड़ी खेप पहुंचाने की तैयारी में थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध अफीम लेकर खंडहर पम्प नम्बर-08 के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना सुभाषनगर पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अंधी पुलिया के पास घेराबंदी की और पीपल के पेड़ के नीचे बैठे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान लालाराम वर्मा के पास से 506 ग्राम, राकेश के पास से 510 ग्राम और तौफीक के पास से 412 ग्राम अफीम बरामद हुई।
तीन मोबाइल और नकदी भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, इसके अलावा नकदी भी बरामद हुई। मामले में थाना सुभाषनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मोबाइल फोन के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
कई राज्यों में होती थी अफीम की सप्लाई
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा तक अवैध अफीम की सप्लाई करते थे। आरोपियों ने बताया कि इस बार वे पंजाब के लुधियाना इलाके में अफीम पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद बड़े तस्करों और सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।
