बरेली में रोंगटे खड़े कर देने वाला कांड, दहेज के लिए गर्भवती विवाहिता की हत्या
बरेली : दहेज के लिए इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र से सामने आई है। बुलेट मोटरसाइकिल और नकद रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने गर्भवती विवाहिता के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर जबरन तेजाब पिला दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के कुछ दिन बाद ही शुरू हुआ दहेज का जुल्म
मृतका के पिता छेदा लाल के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी पूजा देवी की शादी 14 अप्रैल 2025 को मनोज कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के साथ की थी। शादी में करीब छह लाख रुपये खर्च किए गए। आरोप है कि विवाह के कुछ ही दिनों बाद से पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी और ननद ने एक लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पूजा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
गर्भवती होने के बावजूद नहीं थमा अत्याचार
परिजनों का कहना है कि पूजा करीब एक माह की गर्भवती थी। इसके बावजूद ससुरालियों का जुल्म जारी रहा। बुधवार रात पूजा ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसे बुरी तरह पीटा जा रहा है और तेजाब पिलाकर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। परिजनों ने तुरंत दामाद और समधी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
तेजाब पिलाने का आरोप, अस्पताल में बयान
सूचना मिलने पर परिजन पुलिस के साथ मैक्स अस्पताल पहुंचे। यहां पूजा ने बयान दिया कि दहेज की मांग को लेकर सभी ससुरालियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जबरन तेजाब पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
पति समेत 8 नामजद, सख्त कार्रवाई का भरोसा
सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मीडिया को बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर पति सहित ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा है, वहीं इलाके में भी गुस्से और आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
