धुआं उठता देख दौड़े पड़ोसी, मौके पर ही हुई मौत… दौरा पड़ने की आशंका, बिना पोस्टमार्टम हुआ अंतिम संस्कार
बरेली : यूपी के बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के लभेड़ा दुर्गाप्रसाद गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाते समय एक ग्रामीण की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय हरपाल घर में अकेले रहते थे, और अविवाहित थे। रविवार को वह अपने घर में चूल्हे पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई।
धुआं देखकर पहुंचे लोग, तब तक हो चुकी थी मौत
कुछ समय बाद घर से धुआं उठता देख पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो हरपाल गंभीर रूप से झुलसे पड़े थे। तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस मंजर को देखकर पड़ोसियों का कलेजा कांप उठा।
दौरा पड़ने की आशंका, बेहोशी में झुलसे
परिजनों के अनुसार, हरपाल को पहले से दौरे पड़ने की बीमारी थी।आशंका जताई जा रही है कि खाना बनाते समय उन्हें अचानक दौरा पड़ा होगा, जिससे वह बेहोश हो गए और चूल्हे की आग की चपेट में आ गए।
बिना पोस्टमार्टम कर दिया अंतिम संस्कार
घटना की सूचना पर पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन परिजनों ने।बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने मीडिया को बताया कि आग से झुलसने के कारण मौत हुई है, हालांकि पोस्टमार्टम न होने से सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी। फिलहाल यह घटना ग्रामीण इलाकों में खुले चूल्हे और सुरक्षा की कमी पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
