बरेली: सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग ने जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच भारी वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया। अभियान का मकसद सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
मॉडिफाइड साइलेंसर पर 20 हजार का जुर्माना
अभियान के दौरान बहेड़ी क्षेत्र के मुंडिया टोल प्लाजा पर पीटीओ रमेश चंद्र प्रजापति के नेतृत्व में विशेष चेकिंग की गई। यहां उत्तराखंड की ओर से आ रही एक बुलेट बाइक को रोका गया, जिसके साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज आ रही थी। जांच में सामने आया कि बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था, जिससे एक्सेलरेटर बढ़ाने पर आग का गोला और अत्यधिक तेज ध्वनि निकल रही थी।
मानक से अधिक पाई गई ध्वनि तीव्रता
परिवहन विभाग की टीम ने ध्वनि मापक यंत्र से जांच की, जिसमें साइलेंसर से निकलने वाली आवाज निर्धारित मानकों से काफी अधिक पाई गई। इसे सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक शांति के लिए गंभीर खतरा मानते हुए कार्रवाई की गई।
लाइसेंस जब्त, आगे भी जारी रहेगा अभियान
नियमों के उल्लंघन पर बाइक चालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और उसका ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया। पीटीओ रमेश चंद्र प्रजापति ने मीडिया को बताया कि अन्य स्थानों पर चलाए गए अभियान के दौरान भी पांच वाहनों को सीज किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
