बरेली: यूपी के बरेली से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बेटे की मौत के बाद सहारा बनने के बजाय रिश्तेदारों ने ही परिवार के साथ बड़ा धोखा कर दिया। सऊदी अरब में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मिलने वाली करीब 56.25 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए मृतक के पिता ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव खना गौटिया निवासी आबिद रजा खां के मुताबिक, उनका बेटा माजिद रजा खां साल 2018 से सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। 2 फरवरी 2021 को एक सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के रिश्तेदार, बहनोई और भांजेने भरोसा दिलाया कि हादसा दूसरे वाहन चालक की गलती से हुआ है और बीमा का ज्यादा क्लेम मिलेगा। इसी भरोसे में आकर पिता ने भांजे के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी कर दी… और यहीं से शुरू हुआ पूरा खेल।
56 लाख का क्लेम… लेकिन परिवार को नहीं मिला कुछ
आरोप है कि भांजे ने सऊदी में कागजात तैयार कर बीमा क्लेम दाखिल किया, और अदालत के जरिए करीब 2.25 लाख रियाल (लगभग 56.25 लाख रुपये) हासिल कर लिए, लेकिन उसने परिवार को सिर्फ एक लाख रियाल मिलने की बात बताई और बाकी रकम बाद में देने का झांसा देता रहा…जब पिता को शक हुआ और उन्होंने खुद जानकारी जुटाई… तो खुलासा हुआ कि पूरी रकम पहले ही निकाली जा चुकी है।
रिश्तेदारों के खातों में बांटी रकम
पीड़ित का आरोप है कि हड़पी गई रकम को कई रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। जिसमें आरोपी के पिता, मां, बहनें, भाई और अन्य करीबी शामिल हैं। अब जब पीड़ित अपने पैसे मांग रहा है… तो उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस मामले में सीबीगंज थाना पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने The Justice Hindi को बताया कि इस मामले में एफआईआर दो दिन पहले ही दर्ज कर ली गई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि सऊदी अरब में एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें पीड़ित के बेटे की मौत हो गई थी। और आरोपी रिश्तेदार ने पीड़ित के पिता को यह कहकर भरोसे में लिया कि विदेश में भाग-दौड़ करना मुश्किल होगा, इसलिए उसने खुद ही अपने नाम पर पावर ऑफ अटॉर्नी बनवा ली। इसके बाद आरोपी ने सऊदी अरब में मुआवजे की ज्यादा रकम क्लेम कर ली, लेकिन पीड़ित को कम पैसे दिए। जब पीड़ित को इस पूरे मामले की सच्चाई का पता चला, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अब इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
