बरेली: शादी की खुशियों के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बारादरी थाना क्षेत्र में दुल्हन बनने वाली युवती अचानक लापता हो गई। हैरानी की बात यह है कि युवती घर में रखे करीब 5 लाख रुपये नकद और जेवरात भी अपने साथ ले गई। CCTV फुटेज में पड़ोसी युवक के साथ जाते हुए दिखने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी से पहले घर से अचानक गायब हुई बेटी
पीड़ित परिवार के अनुसार, बड़ी बेटी की शादी 29 अप्रैल को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। 26 अप्रैल को मां अपने बेटे के साथ रिश्तेदारी में गई थीं, जबकि घर पर पिता और दोनों बेटियां मौजूद थीं। 27 अप्रैल को जब मां वापस लौटीं तो बड़ी बेटी घर से गायब मिली। साथ ही घर में रखा नकद और जेवरात भी नहीं मिले, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।
CCTV फुटेज में सामने आया सच
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गली में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में पड़ोस का युवक अमन युवती को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज, जांच तेज
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक, और उसके पिता, मां, भाई और एक अन्य साथी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, युवती की तलाश जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
प्रेम प्रसंग या साजिश?उठ रहे बड़े सवाल
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं,क्या यह मामला प्रेम प्रसंग का है या फिर किसी साजिश के तहत युवती को ले जाया गया? क्या युवती अपनी मर्जी से गई या उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
