बरेली : यूपी के बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक से मारपीट की घटना का वीडियो सामने आया है। यहां दबंगों ने पप्पू दिवाकर नामक युवक के साथ कथित हैवानियत की। पीड़ित के अनुसार, वह गेलटांडा गांव में चंद्रसेन के यहां काम करता था और करीब साढ़े चार लाख रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मिलकर पप्पू को घेर लिया। सीओ ने The Justice HINDI को बताया कि यह घटना एक से डेढ़ महीना पुरानी है। पीड़ित ने कल शिकायत की थी। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित पर बेरहमी से किया
बताया जाता है कि पीड़ित पर बेरहमी से हमला किया गया, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए ग्रामीणों के सामने अपमानित किया गया। आरोप है कि उसके सिर को जबरन मुंडवा दिया गया, कैंची से मूंछ और भौंह काट दी गई और चेहरे पर कीचड़ पोत दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
इस घटना की सूचना के बाद पप्पू दिवाकर नवाबगंज थाने पहुंचा और तहरीर दी। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। नवाबगंज के सीओ ने बताया कि वीडियो एक से डेढ़ महीने पुराना है, और जांच जारी है। इस मामले ने इलाके में कानून व्यवस्था और दबंगों के कृत्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
