बरेली : यूपी के बरेली में आरा मशीन पर काम करते समय हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। दरअसल, लकड़ी चीरने के दौरान मशीन का आरा टूटकर सीधे मजदूर के सिर में जा धंसा। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ने आरा मशीन चलाने वाले व्यक्ति पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक धर्मेंद्र शर्मा, रामगंगा नगर कॉलोनी (थाना बिथरी चैनपुर) का निवासी था और बारादरी क्षेत्र के पुराना शहर स्थित एक आरा मशीन पर काम करता था। आरोप है कि 19 अक्टूबर को मशीन का मालिक जफर उर्फ बब्बू, धर्मेंद्र को लकड़ी चीरने के लिए अपने साथ ले गया। उस समय धर्मेंद्र ने मशीन के खराब पुली और आरा सिस्टम को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र ने जफर से कहा था कि “मशीन ठीक नहीं चल रही है, क्या ठीक करा ली? इस पर जफर ने जवाब दिया कि “मशीन पूरी ठीक करा दी गई है, कोई दिक्कत नहीं।”लेकिन काम शुरू होते ही मशीन का आरा अचानक तेज़ी से टूटकर उछला और धर्मेंद्र के सिर में गहराई तक धंस गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। धर्मेंद्र को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां लगभग 8 दिनों तक इलाज के बाद, 27 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई।
पत्नी का आरोप -खराब मशीन पर कराया काम
धर्मेंद्र की पत्नी पूनम शर्मा ने आरोप लगाया कि “मेरे पति को पता था मशीन खराब है, फिर भी मालिक ने बिना मरम्मत कराए काम करवाया। अगर मशीन ठीक होती तो धर्मेंद्र आज जिंदा होता।” पत्नी की शिकायत पर बारादरी थाने में जफर उर्फ बब्बू के खिलाफ लापरवाही से मौत (IPC 304A) के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि पोस्टमार्टम और घटना स्थल की रिपोर्ट को आधार बनाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
