चारे की कमी से मौत का आरोप, नगर आयुक्त को बुलाने की मांग पर अड़े कार्यकर्ता
बरेली : शहर के सीबीगंज स्थित कान्हा उपवन गोशाला में गायों की मौत को लेकर शनिवार को हंगामा खड़ा हो गया। अखिल भारतीय गौ रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गोशाला में कई गायों की मौत चारा न मिलने के कारण हुई है। शनिवार दोपहर संगठन के अध्यक्ष हेमंत गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता गोशाला पहुंचे।उनका कहना था कि वे गायों की स्थिति का निरीक्षण करना चाहते थे, लेकिन गेट पर मौजूद गार्ड ने प्रवेश नहीं दिया और आदेश दिखाने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में हंगामे में बदल गई। हालांकि, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि दो गाय की मौत हो गई थी, और बीमार गायों का इलाज चल रहा है। संगठन के लोग गेट से गोवंश का चारा, एवं अन्य सामान नहीं जाने दे रहे हैं। उनको समझाने की कोशिश चल रही है।
गेट के बाहर धरना, पुलिस मौके पर
हंगामा बढ़ने पर कार्यकर्ता गोशाला गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और नगर आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही सीओ सेकेंड, सीबीगंज और फतेहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने महापौर उमेश गौतम से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। हंगामे को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कार्यकर्ताओं ने जांच की मांग की तेज
गो रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने मृत गायों की संख्या और गोशाला में चारे की उपलब्धता की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराने की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर सीबीगंज
इंस्पेक्टर सीबीगंज ने The Justice HINDI को बताया कि गाय की मौत का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे। वह अंदर जाने की जिद कर रहे हैं। उनको समझाने की कोशिश की जा रही है।
