डीएम बोले – पत्रावलियां लंबित न रहें, हरे चारे की कमी तुरंत दूर करें
बरेली : कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन विभाग की जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में गौशालाओं की व्यवस्थाओं, निरीक्षण व्यवस्था और लंबित पत्रावलियों की समीक्षा की गई। डीएम में निर्देश दिए कि तहसील और विकास खंड स्तर पर प्रत्येक माह समीक्षा बैठक कराई जाए और दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।नोडल अधिकारियों के निरीक्षण की नियमित मॉनिटरिंग कर उनकी आख्या ली जाए। निरीक्षण न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
‘पत्रावलियां लंबित न रखें’, CM के निर्देश का पालन
बैठक में कहा गया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कोई भी पत्रावली अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए। सभी अधिकारी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन गौशालाओं में हरे चारे की कमी है, वहां संबंधित ग्राम प्रधान से समन्वय कर समस्या का समाधान करने को कहा गया। साथ ही जिन गौपालकों का भूसा या चारा भुगतान लंबित है, उसे शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए। बीमार गायों को अन्य पशुओं से अलग रखने, क्षमता से अधिक गौवंश होने पर अतिरिक्त गौपालक तैनात करने और अधिकृत व्यक्तियों के अलावा अन्य के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
मधुनगला गौशाला में बाउंड्रीवाल छह माह में पूरी हो
समीक्षा के दौरान ब्लॉक भदपुरा की मधुनगला गौशाला में बाउंड्रीवाल निर्माण लंबित पाया गया। इस पर संबंधित खंड विकास अधिकारी को छह माह में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गौशालाओं के निरीक्षण के दौरान भूसा, हरा चारा, चोकर और लॉगबुक रजिस्टर की अनिवार्य जांच करें। प्रत्येक अधिकारी माह में कम से कम एक बार फील्ड विजिट अवश्य करे।
