कमिश्नरी कार्यालय में मंडलायुक्त भूपेंद्र चौधरी ने किया ध्वजारोहण, महिला पुलिस, एसओजी, फॉरेंसिक और अग्निशमन विभाग की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
बरेली : 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बरेली पुलिस लाइन में आयोजित भव्य परेड अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आई। सधे हुए कदमताल, सटीक ड्रिल और आकर्षक मार्चपास्ट ने पुलिस बल की एकजुटता और समर्पण को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। समारोह में मौजूद दर्शकों ने इसे अब तक का सबसे सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य और एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने परेड का निरीक्षण कर टुकड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। परेड का संचालन प्रथम परेड कमांडर एएसपी शिवम आशुतोष (क्रिप्टोनाइट घोड़े पर सवार), द्वितीय परेड कमांडर हर्ष मोदी तथा तृतीय परेड कमांडर आईपीएस अंजना दहिया के नेतृत्व में किया गया। परेड पूरी तरह अनुशासित और तालमेल के साथ संपन्न हुई।
कैबिनेट मंत्री ने की बरेली पुलिस की प्रशंसा
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने परेड के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 51 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वैश्विक स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है। दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गैंगस्टरों की 182 अरब रुपये से अधिक की संपत्ति जब्ती इसका प्रमाण है। मंत्री ने कहा कि समाज में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बरेली पुलिस ने सख्त संदेश दिया है और अब कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
परेड में दिखी पुलिस की विविध शक्ति
परेड में महिला पुलिस, एसएसपी कार्यालय, महिला एवं पुरुष एसओजी, फॉरेंसिक लैब,अग्निशमन विभाग, वायरलेस यूनिट और पुलिस पेंशनर्स की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर एसएसपी अनुराग आर्य ने उपस्थित जनसमूह को देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई।कार्यक्रम का मंच संचालन रिटायर्ड डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी और बरेली कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. वंदना शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में सांसद छत्रपाल सिंह, मेयर डॉ. उमेश गौतम, एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा, एसपी ट्रैफिक अकमल खान समेत कई सीओ और इंस्पेक्टर मौजूद रहे।
मेयर ने पुलिस मॉडर्न स्कूल के लिए 25 लाख की घोषणा
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने पुलिस मॉडर्न स्कूल के कायाकल्प के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा करते हुए कहा कि यह केवल घोषणा नहीं बल्कि उनका वादा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जिस समर्पण से समाज की सेवा करती है, उसी भावना से वे पुलिस कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कमिश्नरी कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण

गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने कमिश्नरी कार्यालय में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने संविधान संकल्प दोहराया और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही परिसर में पौधरोपण भी किया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि संविधान ने बदलते समय और परिस्थितियों के साथ देश को एक सूत्र में बांधे रखा है और हम सभी को भी समय व तकनीक के साथ स्वयं को बदलते रहना चाहिए।
