बरेली : यूपी के बरेली में शेरगढ़ कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार तड़के एक परिवार उस समय तेजाब हमले का शिकार हो गया, जब पति-पत्नी अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। इस हमले में परिवार के चारों सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शेरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बरेली रेफर किया गया।
सोते समय मच्छरदानी पर फेंका तेजाब
जानकारी के मुताबिक, दंपती अपने दो मासूम बेटों के साथ बरामदे में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात किसी ने उन पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब की वजह से मच्छरदानी भी जल गई और परिवार के चारों सदस्य उसकी चपेट में आ गए। अचानक चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
शादी का दबाव बनाने और रंजिश का आरोप
पीड़ित के परिजनों ने बताया कि भतीजे की पत्नी के साथ उमेश कश्यप नाम के युवक का विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि आरोपी महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था। वहीं, पीड़ित महिला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। महिला का कहना है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छत के रास्ते घर में घुसने का आरोप, आरोपी की तलाश जारी
परिजनों के अनुसार, आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और परिवार पर तेजाब फेंककर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।
