बरेली : यूपी के बरेली में श्री रामगंगा चौबारी कार्तिक मेले-2025 की तैयारियां अब प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई हैं। डीएम (जिलाधिकारी) अविनाश सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मेले से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए। यह मेला 1 नवम्बर से 8 नवम्बर 2025 तक चलेगा, जबकि मुख्य स्नान यानि भीड़ 4, 5 और 6 नवम्बर को रहेगी।

मेले के अनुशासित आयोजन पर जोर
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि इस वर्ष मेले की तैयारी के लिए समय कम है, लेकिन आयोजन को भली प्रकार, अनुशासित और सामंजस्यपूर्ण ढंग से कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मेला समाप्त होने के बाद मेला आयोजन समिति का विधिवत रजिस्ट्रेशन कराते हुए बायलॉज तैयार किए जाएं, ताकि भविष्य में आयोजन अधिक सुचारू रूप से हो सके। डीएम ने संबंधित विभागों को निम्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती हो। सड़क मरम्मत और घाटों पर रोशनी की पूरी व्यवस्था हो। वॉच टावर और हाईमास्टर लाइटें लगाई जाएं। अग्निशमन गाड़ियां, सीसीटीवी कैमरे और अस्थायी विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था की जाए। मोबाइल टॉयलेट, महिला शौचालय और पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाए जाएं। सफाई कर्मियों की टीम 24 घंटे तैनात रहे।

घाटों पर गोताखोर और नाव की व्यवस्था अनिवार्य
डीएम ने निर्देश दिया कि घाटों पर गोताखोर और नाव की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक नगर को निर्देश दिए गए कि खोया-पाया केंद्र पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए और लगातार एनाउंसमेंट कराया जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। मेला प्रबंधकों ने बैठक में निवेदन किया कि मेला स्थल तक जाने वाले मुख्य मार्गों की मरम्मत कराई जाए। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), पुलिस अधीक्षक नगर, और उप जिलाधिकारी सदर को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
यह थे बैठक में मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी और मेला समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।
