सपा प्रमुख ने कहा- एनकाउंटर से नहीं सुधरेगी कानून व्यवस्था,गोमती नदी की दुर्दशा के लिए CM जिम्मेदार
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा समाज में नफरत फैलाती है और जातीय भेदभाव को बढ़ावा देती है।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी तत्वों और प्रशासन की सांठगांठ के चलते कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं, लेकिन अपराध कम नहीं हुए हैं। “एनकाउंटर कानून व्यवस्था का समाधान नहीं है। सुधार तभी होगा जब सरकार जातिवाद छोड़कर योग्य अधिकारियों की तैनाती करेगी।” उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई 1090 वीमेन पावर लाइन सेवा की सराहना खुद सुप्रीम कोर्ट ने की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इस व्यवस्था को “बर्बाद कर दिया।”

“महिलाएं, दलित और गरीब सबसे ज्यादा पीड़ित”
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और दलितों पर अत्याचार के मामले तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को “सबसे जातिवादी सरकार” करार दिया और कहा कि मुख्यमंत्री अपने सजातीय अधिकारियों को प्राथमिकता देकर प्रशासनिक निष्पक्षता को खत्म कर रहे हैं। “महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हर दिन बलात्कार, हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं।”

“गोमती नदी की दुर्दशा के लिए CM जिम्मेदार
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नदियों की सफाई और संरक्षण पर कोई काम नहीं किया। “हमारी सरकार ने गोमती नदी पर सुंदर रिवर फ्रंट और सफाई व्यवस्था बनाई थी। भाजपा ने सब चौपट कर दिया। अब चुनाव नजदीक हैं तो दिखावा कर रहे हैं।”
“गरीबों का इलाज मुफ्त होगा, सपा सरकार बनी तो”
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा शासन में अस्पतालों में दवाएं और डॉक्टरों की भारी कमी है। “गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा। सपा सरकार में इलाज और दवाएं दोनों मुफ्त थीं, और फिर होंगी। दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर दी जाएगी।”
“जनता का भला BJP को हटाने से ही होगा”
उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सरकार सत्ता में है, तब तक आम लोगों को न्याय नहीं मिल सकता। “भाजपा सरकार को हटाना ही उत्तर प्रदेश के भविष्य और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है।”
प्रमुख सपाई बैठक में मौजूद
इस दौरान कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरनमय नंदा, राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक राममूर्ति वर्मा, अमिताभ बाजपेई, प्रदीप यादव, आनंद यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
देवां शरीफ उर्स में अखिलेश यादव की ओर से पेश होगी चादर
बाराबंकी : सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के देवां शरीफ उर्स में इस बार समाजवादी पार्टी की ओर से भी चादर पेश की जाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ से प्रदेश सचिव कय्यूम प्रधान, बाबा मुजम्मिल शाह,अकील अहमद, ऐजाज अहमद, मोहम्मद सईद और मौलाना तारिक देवां शरीफ रवाना हुए हैं। यह चादर समाजवादी पार्टी की ओर से एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश लेकर जाएगी।
