बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में लगातार झगड़े और माहौल बिगाड़ने वाले खुराफाती आरोपी आसिफ उर्फ आशू को प्रशासन ने जिला बदर कर बरेली जिले की सीमा से बाहर भेज दिया है। पुलिस ने उसे पीलीभीत जिले की सीमा पर छोड़कर लौट आई और तय अवधि तक वापस न लौटने की चेतावनी दी। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने मीडिया को बताया कि आसिफ थाना क्षेत्र में लगातार झगड़े और बलवा करता रहता था। इसके अलावा जोगी नवादा में दो साल पहले हुए बवाल में भी आसिफ की संलिप्तता सामने आई थी। बारादरी पुलिस ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी, जिसे जिला प्रशासन ने सत्यापित किया।
जानें डीएम का आदेश
जिला मजिस्ट्रेट ने पत्रावली और आरोपों का अवलोकन करने के बाद निर्णय लिया कि आसिफ पर आरोप सही हैं। इसके तहत उसे बरेली जिले की सीमा से छह माह के लिए बाहर रखा जाएगा। बारादरी पुलिस की टीम ने आदेश का पालन करते हुए आसिफ को जिले के बाहर ले जाकर पीलीभीत क्षेत्र में छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वह छह माह से पहले बरेली लौटता है, तो उसके खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह दिया संदेश
प्रशासन और पुलिस ने साफ किया है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। ऐसे खुराफाती और माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
