बरेली : यूपी के बरेली के औद्योगिक क्षेत्र सीबीगंज में आयकर विभाग की टीम ने सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर अचानक छापा मार दिया। रात करीब नौ बजे कई वाहनों से पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर को घेरकर दस्तावेज़ों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिससे शहर के कारोबारी हलकों में हलचल मच गई। हालांकि, कुछ लोगों में जीएसटी टीम के छापा मारने की भी चर्चा है। इस मामले में इंस्पेक्टर सीबीगंज ने The Justice HINDI को बताया टीम जांच कर रही है। हमसे फोर्स नहीं मांगा गया है, फोर्स मांगने पर मुहैया कराया जाएगा। इसके साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन से भी जानकारी की कोशिश की गई। मगर, फोन न उठने के कारण पक्ष नहीं मिल सका।
दस्तावेज़ों की पड़ताल, डिजिटल डेटा की जांच
सूत्रों के अनुसार, टीम ने फैक्ट्री के अकाउंट सेक्शन, कंप्यूटर सिस्टम और लेखा-जोखा से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। फैक्ट्री मालिक, मैनेजर समेत कुछ पदाधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू की गई है, ताकि वित्तीय लेनदेन और संभावित कर अनियमितताओं की पड़ताल की जा सके।
स्थानीय पुलिस सतर्क,आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार
छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। हालांकि, अब तक आयकर विभाग की ओर से किसी बरामदगी या गड़बड़ी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।सूत्रों का कहना है कि विभाग को कर चोरी या आय से अधिक संपत्ति से जुड़े इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
उत्पादन आंशिक रूप से जारी
इस कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की आवाजाही पूरी तरह नहीं रोकी गई। आवश्यक उत्पादन कार्य बाधित न हो, इसके लिए सीमित मूवमेंट की अनुमति दी गई। फैक्ट्री के बाहर मीडिया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही, लेकिन अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
जब्त मोबाइल और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच
वित्तीय रिकॉर्ड का मिलान विभागीय रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। जांच पूरी होने के बाद ही किसी भी गड़बड़ी या नुकसान की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल, सीबीगंज की इस बड़ी फैक्ट्री पर पड़ी रेड ने उद्योग जगत में चर्चा तेज कर दी है।
