20 या 21 मार्च को हो सकती है ईद, बरेली की मस्जिदों में नमाज़ के समय जारी, हजारों नमाज़ियों की तैयारी
बरेली : रमज़ान के मुबारक महीने का आखिरी जुमा जुमा-तुल-विदा के नाम से जाना जाता है। इस दिन देशभर की मस्जिदों में बड़ी तादाद में मुसलमान नमाज़ अदा करते हैं और रमज़ान की बरकतों के लिए दुआएं करते हैं। दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च 2026 को देशभर में जुमा -तुल-विदा की नमाज़ अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को अगर ईद का चांद नजर आ जाता है तो 20 मार्च को ईद -उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन यदि उस दिन चांद नजर नहीं आया, तो 20 मार्च को रमज़ान का आखिरी जुमा मानकर फिर जुमा-तुल-विदा की नमाज़ अदा की जाएगी और ईद-उल-फितर 21 मार्च को मनाई जाएगी।
शहर की मस्जिदों में शुरू हुई तैयारियां
मुफ्ती अहसन मियां के मुताबिक रमज़ान का आखिरी जुमा, रमज़ान के रुखसत होने का पैगाम देता है।इस दिन भी अन्य जुमों की तरह दो रकअत फ़र्ज़ नमाज़-ए-जुमा अदा की जाती है, लेकिन इसकी फज़ीलत और अहमियत खास होती है।जुमा-तुल-विदा को लेकर बरेली की मस्जिदों, दरगाहों और खानकाहों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर के धार्मिक संस्थानों के जिम्मेदारों ने नमाज़ के तय समय का ऐलान कर दिया है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले नमाज़ियों को सुविधा मिल सके।
दोपहर 12.45 बजे से नमाज शुरू
दरगाह आला हज़रत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि शहर में नमाज़ का सिलसिला दोपहर 12:45 बजे से शुरू होकर शाम 3:30 बजे तक चलेगा। खानकाह -ए-वामिकिया, जसोली की पीराशाह मस्जिद,बालजती की गुरुड़ वाली मस्जिद, पशुपति बिहार मस्जिद,कैंट की हाथीखाना मस्जिद, लीची बाग की फैजाने मदीना मस्जिद। 1:00 बजे से दरगाह शाह शराफत अली मियां, दरगाह वली मियां बाजार संदल खान, आज़म नगर की हरी मस्जिद, रोहली टोला की अब्बासियान मस्जिद, कोतवाली की मोती मस्जिद, सिविल लाइंस आवास विकास मस्जिद, बारादरी मस्जिद, काजी टोला मस्जिद, कुतुबखाने की जहानी मस्जिद सहित कई मस्जिदों में नमाज़ अदा होगी।
यहां 1:15 बजे होगी नमाज
शहर की नूरजहां मस्जिद, कटघर की हरे मीनार वाली मस्जिद, इज्जतनगर रोड की मुमताज़ मस्जिद, सुभाष नगर की साबरी मस्जिद, गौटिया की नूरी मस्जिद, तिलियापुर की गौसिया मस्जिद आदि। इसके साथ ही 1:30 बजे से दरगाह बशीर मियां, कचहरी वाली मस्जिद, काकरटोला की छह मीनारा मस्जिद, मलूकपुर की मुफ्ती आजम हिंद मस्जिद, शाहदाना मुस्तफाई मस्जिद, खुदाबक्श मस्जिद, कादरिया मस्जिद सहित कई मस्जिदों में नमाज़ होगी। इसी समय किला स्थित जामा मस्जिद में मुख्य नमाज़ 1:30 बजे अदा की जाएगी।
1:45 बजे से इन मस्जिदों में अलविदा नमाज
शहर की मिर्जाई मस्जिद, रेलवे जंक्शन की नूरी मस्जिद, कुतुबखाना मस्जिद और लोधी टोला की गौसिया मस्जिद। 2:00 बजे से दरगाह ताजुश्शरिया, दरगाह शाहदाना वली मस्जिद, बीबी जी मस्जिद, हबीबिया रजविया मस्जिद, करोलान की आला हज़रत मस्जिद, जन्नत मस्जिद, इमली वाली मस्जिद और कलंदर शाह मस्जिद। 2:30 बजे से सिविल लाइंस की नोमहला मस्जिद और रोहली टोला की मोनसरी मस्जिद, 2:45 बजे से गढ़या की नूरी मस्जिद, 3:00 बजे से खन्नू मोहल्ला की दादा मियां मस्जिद, 3:15 बजे बुखारपुरा की बुद्ध वाली मस्जिद और कटरा मानराय की यतीमखाना मस्जिद, और 3:30 बजे दरगाह आला हज़रत की रज़ा मस्जिद, खानकाह -ए- नियाज़िया और काकरटोला की नूरानी मस्जिद में सबसे आखिर में नमाज़ अदा की जाएगी।
बड़ी संख्या में नमाज़ियों के पहुंचने की उम्मीद
जुमा-तुल-विदा के मौके पर बरेली की प्रमुख दरगाहों और मस्जिदों में हजारों की संख्या में नमाज़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और मस्जिद कमेटियों की ओर से नमाज़ियों की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।रमज़ान के आखिरी जुमे पर लोग अल्लाह की इबादत, दुआ और सदक़ा-खैरात के जरिए पूरे महीने की इबादत को मुकम्मल करने की कोशिश करते हैं।
