भारत मंडपम में कथित प्रदर्शन को लेकर विरोध, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
बरेली : राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित वैश्विक एआई समिट के दौरान कथित विरोध -प्रदर्शन और नारेबाजी के मुद्दे पर बरेली में सियासी तापमान बढ़ गया।शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कलक्ट्रेट गेट पर उनका पुतला दहन किया।भाजयुमो कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित तकनीकी सम्मेलन के दौरान कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया कथित प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने वाला है। हालांकि, इस संबंध में कांग्रेस की ओर से स्थानीय स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कलक्ट्रेट गेट पर जोरदार नारेबाजी
दोपहर बाद सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष मुकेश राजपूत और महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना ने किया। कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि “जब देश तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है, तब इस तरह की राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है।” जिलाध्यक्ष मुकेश राजपूत ने कहा कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का अशोभनीय आचरण राष्ट्रहित के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भाजयुमो प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा गया कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में अनुशासन और गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।
